
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद वापस रावलपिंडी की अडियाला जेल भेज दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें जेल वापस लाया गया।
इमरान खान को पिटास बुखारी रोड के रास्ते अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए थे। अस्पताल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया था और यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने उन्हें सीधे जेल पहुंचाया।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान साल 2023 से जेल में बंद हैं और तोशाखाना मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं। जेल में रहते हुए उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई गई थी, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल जांच के लिए उन्हें निजी अस्पताल ले जाने का आदेश दिया था।









