महाराष्ट्र के अमरावती अस्पताल में दर्दनाक हादसा, NICU में वेंटिलेटर फटने से 3 नवजातों की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती में एक अस्पताल में बड़ा हादसा सामने आया है। जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU/NICU) में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई।

नवजात वार्ड में लगे एक वेंटिलेटर में अचानक धमाका हुआ

यह घटना रविवार तड़के करीब 3:30 बजे हुई, जब नवजात वार्ड में लगे एक वेंटिलेटर में अचानक धमाका हुआ और इसके बाद आग फैल गई। हादसे के समय वार्ड में कुल 39 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और 36 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बता दे कि आग और धुएं से प्रभावित छह बच्चों को इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीन नवजातों की गंभीर रूप से जलने और दम घुटने के कारण मौत हो गई।

घटना की जांच शुरू

हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीम NICU में लगे उपकरणों और बिजली व्यवस्था की जांच कर रही है, ताकि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में वेंटिलेटर से जुड़ी तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि अस्पताल में अग्नि सुरक्षा के सभी इंतजाम मौजूद थे या नहीं और आपात स्थिति के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।

Related Articles

Back to top button