
नई दिल्ली। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इंसान का स्वभाव काफी हद तक उसकी राशि से जुड़ा होता है। कुछ राशियों के लोगों की कुछ ऐसी आदतें होती हैं, जिनके बारे में उन्हें खुद भी पता नहीं होता, लेकिन वही आदतें उनके पार्टनर को दिन-ब-दिन परेशान करने लगती हैं। आइए जानते हैं उन पांच राशियों के बारे में, जिनकी ये खासियतें उनके अपने ही रिश्ते पर भारी पड़ सकती हैं।
वृश्चिक: शक की बीमारी बिगाड़ती है रिश्ता
वृश्चिक राशि के लोग प्यार में पूरी गहराई से समर्पित होते हैं, लेकिन उनकी सबसे बड़ी कमजोरी उनका पजेसिव और शक्की स्वभाव है। पार्टनर को लेकर इतना ज्यादा जुड़ाव होता है कि छोटी-छोटी बातें भी दिल में चुभ जाती हैं। अगर उन्हें भरोसा टूटने का जरा सा भी एहसास हो, तो मन में बेवजह का शक घर कर जाता है और यही आदत रिश्ते को धीरे-धीरे जहरीला बना देती है।
कन्या: परफेक्शन की जिद बनती है मुसीबत
कन्या राशि के लोग हर चीज को सही और व्यवस्थित रखना पसंद करते हैं। वे चाहते हैं कि उनका रिश्ता भी बिल्कुल परफेक्ट हो। समस्या तब खड़ी होती है, जब इसी चक्कर में वे पार्टनर की छोटी-छोटी कमियां पकड़ने लगते हैं। कोई भी गलती उनसे देखी नहीं जाती और वे हमेशा सामने वाले को सुधारने की कोशिश करते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि पार्टनर खुद को लगातार जज होता महसूस करता है।
मेष: गुस्सा डालती है दूरियां
मेष राशि वाले ऊर्जावान और आत्मविश्वास से भरे होते हैं, लेकिन इनका बिना सोचे-समझे तुरंत भड़क जाना रिश्ते के लिए नुकसानदायक साबित होता है। अगर पार्टनर इनकी बात न माने, तो ये जिद पर अड़ जाते हैं और गुस्से में कुछ भी बोल जाते हैं। छोटी बातों पर बार-बार गुस्सा करने की यह आदत धीरे-धीरे रिश्ते में दूरियां ला देती है।
कर्क: जरूरत से ज्यादा भावुकता पड़ती है भारी
कर्क राशि के लोग दिल के बहुत साफ और ईमानदार होते हैं, लेकिन उनकी हद से ज्यादा भावुकता ही उनकी परेशानी बन जाती है। वे पार्टनर से बहुत अधिक उम्मीदें पाल लेते हैं और जब उतना प्यार या समय नहीं मिलता, तो तुरंत आहत महसूस करते हैं। सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि पुरानी बातों को भूलने के बजाय मन में दबाए रखते हैं, जिससे रिश्ते में लगातार तनाव बना रहता है।
मिथुन: बदलता मिजाज करता है कन्फ्यूज
मिथुन राशि के लोग बातचीत में माहिर और बेहद स्मार्ट होते हैं, इनके साथ कभी बोरियत नहीं होती। लेकिन इनका स्वभाव दोहरा माना जाता है, कभी ये पार्टनर के बेहद करीब होते हैं, तो कभी ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे कुछ और ही चल रहा हो। मूड का यह तेज बदलाव पार्टनर को कन्फ्यूज कर देता है और रिश्ते में स्थिरता नहीं आ पाती।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय, लाभ और सलाह केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। जानकारी विभिन्न स्रोतों, ज्योतिषियों, पंचांग, धर्मग्रंथों और मान्यताओं पर आधारित है। इसे अंतिम सत्य न मानें और अपने विवेक का उपयोग करें।









