मेरठ में नशेड़ी पति ने पत्नी और साले को मारी गोली, दोनों घायल; मौके से हुआ फरार

मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में शुक्रवार को फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। आरोप है कि नशे की हालत में एक पति ने अपनी पत्नी और साले को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, श्यामनगर निवासी दानिश का अपनी पत्नी शिफा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय दानिश नशे में था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से पत्नी शिफा और उसके भाई पर गोली चला दी।

फायरिंग में शिफा और उसका भाई घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी दानिश मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, गोली चलाने की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button