
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम ने इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। 22 सितंबर तक बद्रीनाथ धाम में 17,79,805 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही यात्रा इतिहास में भक्तों की संख्या के पुराने रिकॉर्ड भी टूट गए हैं।
बता दे कि इससे पहले वर्ष 2025 में बद्रीनाथ धाम में 17,78,298 श्रद्धालुओं के दर्शन करने का रिकॉर्ड दर्ज था। इस वर्ष 153 दिनों में ही यह आंकड़ा पार हो गया और पहली बार 17.79 लाख से अधिक भक्तों ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए।
खास बात यह है कि बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने में अभी कुछ समय बाकी है। यात्रा समाप्त होने में करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। बद्रीनाथ धाम की यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर खास फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की ओर से भी यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या धार्मिक यात्रा के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाती है। पुराने रिकॉर्ड के टूटने के बाद अब यात्रा समाप्त होने तक श्रद्धालुओं की कुल संख्या पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।









