
नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) उनकी बचत का एक अहम हिस्सा होता है। हर महीने सैलरी से कटने वाली रकम और कंपनी की ओर से जमा होने वाला योगदान भविष्य के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में कर्मचारी अक्सर यह जानना चाहते हैं कि उनके PF अकाउंट में कुल कितनी रकम जमा है और आखिरी बार कितना पैसा जमा हुआ है। अब इस जानकारी के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट खोलने या दूसरे विकल्प तलाशने की जरूरत नहीं होगी।
दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने उपभोक्ता के लिए WhatsApp के जरिए PF से जुड़ी जानकारी हासिल करने की सुविधा शुरू की है। इसकी मदद से कर्मचारी अपने मोबाइल पर ही PF बैलेंस, पासबुक और हाल के ट्रांजैक्शन की जानकारी देख सकते हैं।
WhatsApp पर कैसे चेक करें PF बैलेंस?
इस सुविधा का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए आपको अपने WhatsApp से EPFO के बताए गए नंबर पर मैसेज करना होगा।
- सबसे पहले अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें।
- अब EPFO का WhatsApp नंबर +91 8796441800 सर्च करें।
- EPFO के वेरिफाइड अकाउंट की पुष्टि करें।
- इसके बाद Hi लिखकर मैसेज भेजें।
- स्क्रीन पर मिलने वाले निर्देशों को फॉलो करें।
- अब PF बैलेंस, पासबुक या ट्रांजैक्शन से जुड़ा विकल्प चुनें।
- संबंधित विकल्प चुनने के बाद आपको अपने PF अकाउंट की जानकारी मिल जाएगी।
WhatsApp पर मिलेंगी ये सुविधाएं
EPFO की इस WhatsApp सर्विस के जरिए कर्मचारियों को कई तरह की जानकारियां मिल सकेंगी।
1. PF बैलेंस की जानकारी: कर्मचारी अपने PF अकाउंट में उपलब्ध कुल बैलेंस देख सकेंगे।
2. EPF पासबुक: खाते में कर्मचारी और नियोक्ता की ओर से जमा किए गए योगदान की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
3. पिछले 5 ट्रांजैक्शन: PF अकाउंट में हुए आखिरी पांच लेनदेन की डिटेल्स भी देख सकेंगे।
4. PMVBRY असिस्टेंस: प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़ी पात्रता और जरूरी प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी मिलेगी।
कर्मचारियों के लिए क्यों खास है यह सुविधा?
PF से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए कर्मचारियों को अक्सर अलग-अलग माध्यमों का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में WhatsApp के जरिए यह सुविधा मिलने से जानकारी प्राप्त करना आसान हो सकता है। खास बात यह है कि कर्मचारी अपने मोबाइल पर ही खाते का बैलेंस और जमा रकम का विवरण देख पाएंगे।
हालांकि, किसी भी वित्तीय जानकारी को साझा करने से पहले आधिकारिक अकाउंट की पुष्टि जरूर करें। अपना OTP, पासवर्ड या निजी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।









