रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तेलंगाना में बड़ा हादसा, दो नावें पलटीं, SDRF के 10 जवान लापता

तेलंगाना के खम्मम जिले में बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाने के अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बचाव अभियान चला रहे स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) के करीब 10 जवान लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो नावें पलट गईं। घटना के बाद लापता जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया है।

मछुआरों को बचाने के दौरान पलटीं दो नावें

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बुधवार शाम खम्मम जिले के सथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में SDRF के जवान दो नावों के जरिए बचाव अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दोनों नावें पलट गईं। जवान झील में फंसे मछुआरों के एक समूह को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पहुंचे थे।

‘मुरासु’ चक्रवात के कारण हो रही भारी बारिश

आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे खम्मम जिले में ‘मुरासु’ चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश हो रही है। इसके चलते बेथुपल्ली झील में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही खम्मम जिले के कलेक्टर दिवाकर टी.एस. और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। लापता जवानों की तलाश के लिए बचाव टीमें तैनात की गई हैं।

मंत्री ने लापता जवानों की लोकेशन मिलने का किया दावा

तेलंगाना के राजस्व मंत्री पंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि बचाव दलों ने लापता SDRF जवानों के संभावित स्थान का पता लगा लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जवानों को सुरक्षित बचा लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिए बचाव अभियान तेज करने के निर्देश

आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने जिला कलेक्टर को लापता जवानों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव संजय जाजू को भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने को कहा है।

NDRF की टीमें भी बचाव अभियान में जुटीं

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के जवानों को तैनात किया गया है और वे बचाव अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर SDRF जवानों के लापता होने की घटना पर चिंता जताई। साथ ही कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अधिकारियों के संपर्क में हैं। लापता जवानों का पता लगाने के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

Related Articles

Back to top button