
अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि नई अयोध्या त्रेता युग की स्मृति कराती है। कल अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाया गया और रिकॉर्ड मात्रा में दीप प्रज्वलित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के इस पावन पर्व पर सभी के जीवन में सुख और समृद्धि आए। नई अयोध्या के विकास की चर्चा आज हर ओर हो रही है। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या में कोई परिक्रमा को नहीं रोकता है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में अयोध्या के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पहले रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं, लेकिन अब माहौल बदल गया है। आज रामभक्तों का स्वागत होता है और अब कोई भेदभाव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में आए बदलाव के साथ रामभक्तों के प्रति लोगों का नजरिया भी बदला है। उन्होंने एक बार फिर सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।









