IPL Auction: पिछले साल का विवाद खत्म, IPL 2027 में खेलेंगे बांग्लादेश के 7 खिलाड़ी

नई दिल्ली: आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले बांग्लादेशी क्रिकेटरों की भागीदारी एक बार फिर चर्चा में है। करीब 10 महीने पहले मुस्तफिजुर रहमान को लेकर हुए विवाद के बावजूद इस बार सात बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए अपना नाम दिया है। इनमें मुस्तफिजुर रहमान भी शामिल हैं।

7 बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए दिया नाम

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के सात खिलाड़ियों ने आगामी आईपीएल सीजन के मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इस सूची में मुस्तफिजुर रहमान के अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद और शोरफुल इस्लाम शामिल हैं।

आगामी आईपीएल सीजन के लिए मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को होना है। इसके लिए बीसीसीआई ने अलग-अलग क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया था, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी शामिल था।

मुस्तफिजुर रहमान को लेकर पहले हुआ था विवाद

आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदा था। हालांकि, उस समय बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की खबरें सामने आई थीं।

इस घटनाक्रम के बीच बीसीसीआई के निर्देश पर फ्रेंचाइजी ने सीजन शुरू होने से पहले ही मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। इस फैसले को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से भी विरोध जताया गया था।

अभी आधिकारिक खिलाड़ियों की सूची जारी नहीं

आईपीएल की ओर से मिनी ऑक्शन में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है। इससे पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी करेंगी। टीमों की ओर से रिलीज किए गए खिलाड़ी भी ऑक्शन में शामिल होंगे। इसके बाद ही ऑक्शन में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की अंतिम सूची सामने आएगी।

बांग्लादेश ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से लिया था नाम वापस

मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने विरोध जताया था। इसके बाद भारत में आयोजित होने वाले 2026 टी20 वर्ल्ड कप को लेकर भी विवाद सामने आया।

बांग्लादेश ने टूर्नामेंट के लिए न्यूट्रल वेन्यू की मांग की थी, लेकिन उसकी मांग स्वीकार नहीं हुई। इसके बाद बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था।

Related Articles

Back to top button