Chhath Puja 2026: आज से छठ महापर्व की शुरुआत, जानें नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक पूजा विधि और शुभ मुहूर्त

छठ पूजा 2026: आस्था और लोक-संस्कृति का महापर्व छठ आज 13 नवंबर 2026, शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में सूर्य देव और छठी मइया की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा, निष्ठा और सात्विकता के साथ कठिन व्रत का पालन करते हैं। छठ महापर्व का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। आइए जानते हैं छठ पूजा 2026 की प्रमुख तिथियां, सूर्यास्त और सूर्योदय का समय, पूजा विधि और नहाय-खाय में कद्दू-भात खाने का धार्मिक महत्व।

छठ पूजा 2026: जानें प्रमुख तिथियां और शुभ मुहूर्त

छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है और समापन उषा अर्घ्य के साथ होता है।

  • नहाय-खाय: शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
  • खरना: शनिवार, 14 नवंबर 2026
  • संध्या अर्घ्य: रविवार, 15 नवंबर 2026
  • उषा अर्घ्य: सोमवार, 16 नवंबर 2026
  • छठ पूजा के दिन सूर्योदय: सुबह 06:44 बजे
  • छठ पूजा के दिन सूर्यास्त: शाम 05:27 बजे
  • षष्ठी तिथि का आरंभ: 14 नवंबर 2026 को रात 11:23 बजे
  • षष्ठी तिथि की समाप्ति: 16 नवंबर 2026 को सुबह 02:00 बजे

नहाय-खाय से शुरू होगा छठ महापर्व, कद्दू-भात का विशेष महत्व

छठ महापर्व के पहले दिन कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती नदी या तालाब में स्नान करने के बाद पूरी शुद्धता के साथ सात्विक भोजन तैयार करते हैं।

नहाय-खाय के दिन मुख्य रूप से कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल खाने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कद्दू को पवित्र और शुद्ध भोजन माना जाता है। यह सुपाच्य होता है और शरीर को ठंडक पहुंचाता है। मान्यता है कि इसके सेवन से व्रती का शरीर आगे आने वाले 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के लिए तैयार होता है।

खरना की परंपरा के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ महापर्व के दूसरे दिन यानी पंचमी तिथि को खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को स्वच्छ स्थान पर गुड़ और नए चावल की खीर के साथ रोटियां तैयार करते हैं।

पूजा-अर्चना के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों में भी वितरित किया जाता है। इसके बाद घरों में छठ पूजा की तैयारियां पूरी श्रद्धा और स्वच्छता के साथ की जाती हैं।

संध्या अर्घ्य में अस्त होते सूर्य को दिया जाता है अर्घ्य

छठ पूजा के तीसरे दिन यानी षष्ठी तिथि की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य देव को पहला अर्घ्य दिया जाता है। इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ सूप और दउरा में ठेकुआ, फल और पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचते हैं।

घाट पर पानी में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को दूध और जल अर्पित किया जाता है। इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। छठ की इस परंपरा में डूबते सूर्य की उपासना का विशेष महत्व माना जाता है।

उषा अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का होगा समापन

छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन यानी सप्तमी तिथि की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है। व्रती सुबह तड़के ही घाटों पर पहुंचकर सूर्य देव के उदय होने की प्रतीक्षा करते हैं।

सूर्योदय के समय सूर्य देव को जल और दूध से अंतिम अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इसके बाद छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया जाता है और व्रती जल ग्रहण करके अपने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करते हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाता है।

Related Articles

Back to top button