यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का दावा, पवन खेड़ा ने अमित शाह से पूछा- आखिर नाम क्यों कटवाए जा रहे?

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने का दावा किए जाने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए पूछा कि आखिर लोगों के नाम मतदाता सूची से क्यों हटाए जा रहे हैं?

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से देशभर में SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम काटे जाने का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी के मतदाताओं या ऐसे लोगों के नाम भी सूची से गायब हो रहे हैं, जिनके परिचितों के नाम हटाए गए हैं। ऐसे में उन्हें अमित शाह से सवाल करना चाहिए कि उनके नाम क्यों हटाए जा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने उठाया था 1.27 करोड़ वोटरों का मुद्दा

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक इंटरव्यू में SIR के बाद मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि प्रदेश की पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में शामिल करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम भारत निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट में नहीं मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने करीब 66 लाख ऐसे मतदाताओं का भी जिक्र किया, जिनमें 55 लाख सरकारी योजनाओं के हिंदू लाभार्थी और 18 से 19 वर्ष की आयु के करीब 4.5 लाख मतदाता शामिल बताए गए। योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, राज्य सरकार ने इन विसंगतियों पर स्पष्टीकरण मांगते हुए निर्वाचन आयोग को ज्ञापन भी सौंपा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग को एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था बताया।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लगाया दूसरे राज्यों से वोटर लाने की तैयारी का आरोप

इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने की तैयारी कर रही है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि जिन मतदाताओं के नाम स्थान परिवर्तन या अन्य कारणों से हटे हैं और जिन जगहों पर फर्जी नाम जोड़े गए हैं, उन्हें लेकर बीजेपी रणनीति बना रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का भी जिक्र किया।

सपा प्रमुख ने चुनाव की तारीखों का ऐलान करने की चुनौती देते हुए कहा कि जिस दिन चुनाव की तारीखें घोषित होंगी, उसी दिन बीजेपी की हार तय हो जाएगी।

86 आरक्षित सीटों की समीक्षा बैठक में पहुंचे थे अखिलेश

अखिलेश यादव ये बयान समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद दिया। यहां वह 86 आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों के विधानसभा अध्यक्षों के साथ चुनावी समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले SIR और मतदाता सूची का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बनता जा रहा है। बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ कांग्रेस भी इस मुद्दे पर बीजेपी को घेर रही है।

Related Articles

Back to top button