UP Weather Update: यूपी में बदलेगा मौसम, वेस्ट यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में नवंबर के तीसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा और धुंध छाने लगी है। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के चलते ठंड का असर भी बढ़ने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई है। इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

वेस्ट यूपी में छाने लगा कोहरा

शनिवार को मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। यह इस सीजन का पहला कोहरा था। सुबह करीब आठ बजे तक सड़कों पर दृश्यता कम रही, जिससे वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। हालांकि, बाद में धूप निकलने और हवा चलने से मौसम सामान्य हो गया।

अगले एक से दो दिनों में इन इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। इसके चलते ठंड का असर और बढ़ सकता है।

अगले तीन दिन कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत प्रदेश के कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चलाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

वहीं, राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button