Balrampur Accident: घने कोहरे का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 5 युवकों की मौत, CM योगी ने लिया संज्ञान

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घने कोहरे के कारण दो बाइकों में हुई जोरदार भिड़ंत

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रात में घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान टीवीएस स्पोर्ट और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे की चपेट में कुछ पैदल राहगीर भी आ गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इस दुर्घटना में पांच युवकों की जान चली गई।

हादसे में पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), सलीम (20), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) के रूप में हुई है। सभी मृतक बलरामपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

वहीं, बड़हरा खुर्द निवासी मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर उतरौला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया।

एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

पांच युवकों की मौत की सूचना मिलते ही बलरामपुर के एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार और हादसे से जुड़ी जानकारी ली। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल से दो क्षतिग्रस्त हेलमेट समेत अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।

बलरामपुर हादसे पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान

बलरामपुर में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवाओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

सीएम योगी ने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button