
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर से जन चौपाल अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अभियान के जरिए भाजपा मंडल और बूथ स्तर पर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगी। अभियान की शुरुआत टाउन हॉल मैदान से होगी, जहां लोगों से संवाद कर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
जन चौपाल अभियान के तहत भाजपा के नेता और कार्यकर्ता गांवों से लेकर मोहल्लों तक पहुंचेंगे और आम लोगों से बातचीत करेंगे। इस दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जाएगा। साथ ही योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थियों से फीडबैक भी लिया जाएगा।
भाजपा इस अभियान के जरिए जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानने का प्रयास करेगी। गोरखपुर से शुरू होने वाला यह अभियान मंडल और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा।









