
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में बस चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
घने कोहरे के कारण आपस में टकराए कई वाहन
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7:50 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 252 पर हुआ। दिल्ली से गाजीपुर जा रही एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर और ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी एक-दूसरे से टकराते चले गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और कम दृश्यता बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कुछ देर पहले भी एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इसी दौरान कम विजिबिलिटी और तेज रफ्तार के चलते कई वाहन हादसे का शिकार हो गए।
दो बसें और पांच ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, 14 लोग घायल
इस भीषण दुर्घटना में दो बसों और पांच ट्रकों को नुकसान पहुंचा है। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें बस चालक भी शामिल है। वहीं, 14 लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को मंडलीय जिला चिकित्सालय आजमगढ़ में भर्ती कराया गया। एक गंभीर घायल की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों में अधिकांश गाजीपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
डीएम रविन्द्र कुमार ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। वहीं, पुलिस और संबंधित अधिकारी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाने में जुटे हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य की जा सके।
एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल, पुलिस की कार्रवाई जारी
प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
घने कोहरे के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों की सतर्कता और यातायात सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।









