
अहमदाबाद: अदाणी समूह की कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने बिहार में एक महत्वपूर्ण पावर ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट हासिल किया है। इस परियोजना के तहत बिहार के पीरपैंती में प्रस्तावित 2,400 मेगावाट क्षमता वाले अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट से बिजली की निकासी के लिए ट्रांसमिशन नेटवर्क तैयार किया जाएगा। कंपनी ने टैरिफ बेस्ड कॉम्पिटिटिव बिडिंग (TBCB) प्रक्रिया के जरिए यह प्रोजेक्ट हासिल किया है।
कंपनी के मुताबिक, परियोजना के चालू होने के बाद इससे सालाना करीब 500 करोड़ रुपये का टैरिफ मिलने की उम्मीद है। ‘3X800 MW STPP पीरपैंती से बिजली निकासी’ नाम की इस परियोजना को विशेष प्रयोजन कंपनी (SPV) विक्रमशिला पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड के माध्यम से पूरा किया जाएगा। इसके लिए 2028 की चौथी तिमाही की समयसीमा तय की गई है।
बिहार के बिजली नेटवर्क को मिलेगी मजबूती
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पीरपैंती पावर प्लांट से उत्पादित 2,400 मेगावाट बिजली को ट्रांसमिशन नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाना है। इसके साथ ही बिहार में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रिड की क्षमता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
परियोजना पूरी होने के बाद AESL के ट्रांसमिशन पोर्टफोलियो में 881 सर्किट किलोमीटर (ckm) ट्रांसमिशन लाइनें और 3,160 MVA की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता जुड़ जाएगी। इससे कंपनी का कुल ट्रांसमिशन नेटवर्क 30,683 ckm और ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 1,46,585 MVA तक पहुंच जाएगी।
इस परियोजना के साथ AESL का ट्रांसमिशन कैपेक्स भी बढ़कर करीब 91,500 करोड़ रुपये हो गया है।
चार गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन का होगा निर्माण
परियोजना के तहत झंझारपुर, बेथौली और बेगूसराय में चार गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन (GIS) बनाए जाएंगे। इनके साथ जरूरी ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता भी विकसित की जाएगी।
ट्रांसमिशन नेटवर्क में 400 kV की पीरपैंती-झंझारपुर, पीरपैंती-बेगूसराय और बेगूसराय-बख्तियारपुर लाइनें शामिल होंगी। इसके अलावा 220 kV की झंझारपुर-बेथौली और बेगूसराय-बेगूसराय टाउन लाइनें भी बनाई जाएंगी।
योजना में झंझारपुर में मौजूदा 220 kV और 132 kV ट्रांसमिशन लाइनों को LILO तकनीक के जरिए जोड़ने के साथ बख्तियारपुर GSS में 400 kV लाइन बे का निर्माण भी शामिल है।
AESL के CEO ने क्या कहा?
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के CEO कंदर्प पटेल ने इस परियोजना को लेकर कहा कि पीरपैंती ट्रांसमिशन स्कीम 2,400 मेगावाट की बिजली उत्पादन क्षमता के लिए मजबूत निकासी व्यवस्था तैयार करेगी। इससे बिहार के ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और बिजली ग्रिड की विश्वसनीयता एवं लचीलापन बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि कंपनी भरोसेमंद और कुशल ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य देश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना और बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में सहयोग देना है।
क्या करती है अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस?
अदाणी पोर्टफोलियो का हिस्सा AESL बिजली ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन, स्मार्ट मीटरिंग और कूलिंग सॉल्यूशंस जैसे क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी के मुताबिक, उसका कुल ट्रांसमिशन नेटवर्क 30,683 सर्किट किलोमीटर और ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 1,46,585 MVA है।
कंपनी मुंबई महानगर क्षेत्र और मुंद्रा SEZ के औद्योगिक क्षेत्र में करीब 1.3 करोड़ उपभोक्ताओं को बिजली वितरण सेवाएं भी देती है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटरिंग कारोबार का विस्तार कर रही है।
बिहार की यह नई परियोजना AESL के ट्रांसमिशन कारोबार के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इससे राज्य के बिजली ढांचे को मजबूत करने और पीरपैंती पावर प्लांट से बिजली की निकासी के लिए जरूरी नेटवर्क तैयार करने में मदद मिलेगी।









