
डेस्क: सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती आज देशभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस पावन अवसर को प्रकाश पर्व और गुरुपर्व के रूप में मनाया जाता है। गुरु नानक देव जी की जयंती को लेकर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष तैयारियां की गई हैं। गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। सुबह से ही श्रद्धालुओं के गुरुद्वारों में पहुंचने का सिलसिला जारी है।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारों में अखंड पाठ, गुरबाणी, शबद-कीर्तन और विशेष अरदास का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। कई स्थानों पर नगर कीर्तन निकाले जा रहे हैं और गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया जा रहा है।
गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पूरी मानवता को समानता, प्रेम, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से दूर रहकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखने की सीख दी।
उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी लोगों को ईमानदारी, मेहनत और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा देती हैं। गुरु नानक देव जी की जयंती पर देशभर में उनके विचारों और शिक्षाओं को याद किया जा रहा है।







