
वाराणसी: धर्म और आस्था की नगरी काशी में देव दीपावली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाराणसी के गंगा घाटों पर भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बार काशी के घाट 11 लाख दीयों की रोशनी से जगमग होंगे। देव दीपावली के अद्भुत नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने का सिलसिला जारी है।
देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं गंगा आरती करेंगी। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए इस बार कई विशेष कार्यक्रम भी रखे गए हैं।
देव दीपावली के इतिहास में पहली बार नमो घाट पर ड्रोन शो का आयोजन होगा। इस दौरान करीब 2 हजार ड्रोन आसमान में अपनी कलाकारी दिखाएंगे। वहीं, चेत सिंह किला घाट पर लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गंगा के उस पार ग्रीन क्रैकर शो के जरिए आसमान को रोशन किया जाएगा।
देव दीपावली के भव्य आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। घाटों से लेकर प्रमुख स्थानों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। काशी एक बार फिर लाखों दीयों की रोशनी और भव्य आयोजनों के साथ देव दीपावली के दिव्य उत्सव की साक्षी बनने जा रही है।






