
लखीमपुर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के खंभारखेड़ा में हुआ, जहां वैन और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक, वैन में कुल 10 लोग सवार थे। इसी दौरान खंभारखेड़ा के पास वैन की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इस भीषण दुर्घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।







