ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- SP का मैनिफेस्टो जनता को गुमराह करने की कोशिश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) के 2027 विधानसभा चुनाव के लिए जारी चुनावी मैनिफेस्टो पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव के ‘PDA का प्रणपत्र’ को जनता को गुमराह करने की कोशिश करार दिया। इसके साथ ही राजभर ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भरोसा जताया कि संसद के आगामी विशेष सत्र में यह बिल जरूर पास होगा।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘PDA का प्रणपत्र’ जारी किया था। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि बीजेपी के वादे के मुताबिक अच्छे दिन नहीं आए और अब बुरे दिन जाने वाले हैं।

अखिलेश यादव के इस मैनिफेस्टो पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने इसे राजनीतिक चाल बताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पिछले कार्यकाल को लेकर कानून-व्यवस्था और सरकारी भर्तियों पर सवाल उठाए।

राजभर ने ANI से बातचीत में कहा, “उनका मैनिफेस्टो जनता को गुमराह करने की कोशिश है। समाजवादी पार्टी के पिछले कार्यकाल में राज्य में कानून-व्यवस्था की कमी थी। रेप, मर्डर और डकैती की घटनाएं आम थीं। पुलिस जनता की शिकायतों को दूर करने में नाकाम रही और सरकारी नौकरियां पैसे के लिए बेची गईं।”

महिला आरक्षण बिल पर राजभर ने जताया भरोसा

वहीं, संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने महिला आरक्षण बिल के पास होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिल को पास कराने के लिए पहले से ही जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

राजभर ने कहा, “इस बार महिला रिजर्वेशन बिल जरूर पास होगा। सेशन बुलाने से पहले ही तैयारी कर ली गई है।”

30 नवंबर से शुरू होगा संसद के विशेष सत्र का दूसरा हिस्सा

लोकसभा सचिवालय के मुताबिक, 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा हिस्सा 30 नवंबर से शुरू होगा। सरकारी कामकाज की जरूरतों के आधार पर इसके 3 दिसंबर को समाप्त होने की संभावना है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से निचले सदन को 30 नवंबर और उच्च सदन को 2 दिसंबर को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन बैठकों में कौन-कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे।

डिलिमिटेशन बिल पर विपक्ष का विरोध

प्रस्तावित डिलिमिटेशन बिल को लेकर कई राजनीतिक दलों ने विरोध जताया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के सांसद पी. संदोष कुमार ने शुक्रवार को एक बार फिर बिल के मौजूदा स्वरूप पर अपनी पार्टी का विरोध दोहराया।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को डिलिमिटेशन से जोड़ना स्वीकार नहीं है। ऐसे में महिला आरक्षण बिल और प्रस्तावित डिलिमिटेशन को लेकर संसद के आगामी विशेष सत्र में राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button