सीएम योगी ने 46,800 विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट, सपा के घोषणापत्र पर भी साधा निशाना

गोंडा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस कार्यक्रम में गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच के छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए। इस दौरान सीएम योगी ने युवाओं, रोजगार, विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही समाजवादी पार्टी के हालिया घोषणापत्र पर भी प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय गोंडा सबसे बदनाम जिलों में गिना जाता था। बलरामपुर में प्रति व्यक्ति आय कम थी और श्रावस्ती पिछड़ेपन का सामना कर रहा था। उन्होंने कहा कि आज गोंडा में मेडिकल कॉलेज बना है और श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए इच्छाशक्ति होनी चाहिए।

बिना सिफारिश और खर्च के मिल रही युवाओं को नौकरी

सीएम योगी ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना सिफारिश और बिना खर्च के सरकारी नौकरी मिल रही है। उनकी सरकार युवाओं की मेहनत का सम्मान करती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछली सरकारों के मुकाबले उनकी सरकार ने दोगुनी नौकरियां दी हैं।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में नकल माफिया हावी था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश माफिया, कर्फ्यू और दंगों से मुक्त है।

सपा के घोषणापत्र पर सीएम योगी का पलटवार

समाजवादी पार्टी की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणापत्र पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुंगेरी लाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता।

सीएम योगी ने सपा से सवाल किया कि जब पार्टी सत्ता में थी, तब उसने क्या किया? युवाओं और किसानों के लिए क्या कदम उठाए और अपने कार्यकाल में कितने लोगों को सरकारी नौकरी दी? उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

मतदाता सूची में सभी के नाम शामिल कराने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची को लेकर भी लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए।

Related Articles

Back to top button