
रणबीर कपूर और यश स्टारर तथा नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी माइथोलॉजिकल फिल्म ‘रामायण’ ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी यह फिल्म दुनिया के 27 देशों में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। फिल्म निर्माताओं द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इस सूची में अमेरिका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर और यूरोप के कई प्रमुख बाजार शामिल हैं। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में सांस्कृतिक जुड़ाव और सोनी पिक्चर्स के व्यापक वितरण नेटवर्क के कारण स्लोवाकिया, यूक्रेन, लातविया, जॉर्जिया, आर्मेनिया तथा कैरेबियाई क्षेत्रों जैसे नए बाजारों में भी फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिली है।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जिसमें विदेशी बाजारों की कुल कमाई 6.4 करोड़ डॉलर से अधिक है। भारत में ‘रामायण’ का नेट कलेक्शन 992 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1185 करोड़ रुपये हो गया है। शुक्रवार को इसके भारत में 1000 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है, जिसके बाद यह ‘धुरंधर द रिवेंज’ के बाद यह मुकाम हासिल करने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन जाएगी। रिलीज के 22वें दिन यानी गुरुवार को भी फिल्म ने विदेशी बाजारों में 10 लाख डॉलर से ज्यादा की कमाई की।
फिलहाल ‘रामायण’ सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर है और जल्द ही इसके दूसरे स्थान पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। नमित मल्होत्रा और यश द्वारा निर्मित इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं, जबकि इसका दूसरा भाग 2028 में रिलीज किया जाएगा।









