South Asia ने जीता पहला ‘टेस्ट ट्वेंटी’ खिताब… विराट कोहली के भांजे आयुष ढींगरा ने गेंद से मचाया धमाल…

South Asia ने सब-सहारा अफ्रीका को 8 विकेट से हराकर पहला टेस्ट ट्वेंटी खिताब जीता। विराट कोहली के भांजे आयुष ढींगरा ने तीन विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता।

क्रिकेट की दुनिया में एक नए फॉर्मेट ‘टेस्ट ट्वेंटी’ का पहला चैंपियन मिल गया है। राजकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में खेल रही साउथ एशिया की टीम ने रविवार को एबी डिविलियर्स की सब-सहारा अफ्रीका टीम को 8 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत में विराट कोहली के भांजे आयुष ढींगरा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से खास छाप छोड़ी। वहीं, सुहानी और साईं गोपाल राठौड़ की दमदार पारियों ने टीम की खिताबी जीत को आसान बना दिया।

फाइनल मुकाबले में साउथ एशिया की लड़कियों ने पहले तीन रन की बढ़त दिलाई। इसके बाद लड़कों की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सब-सहारा अफ्रीका को महज 87 रन पर समेट दिया। जीत के लिए मिले 85 रनों के लक्ष्य को साउथ एशिया ने सिर्फ 7.2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान सर क्लाइव लॉयड ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। आयुष ढींगरा को 15 रन देकर तीन विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सुहानी की नाबाद 60 रन की पारी ने दिलाई बढ़त

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सब-सहारा अफ्रीका की लड़कियों की टीम ने 20 ओवर में 136 रन बनाए। कंचन ने 40 गेंदों पर 54 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे। वहीं, पेटन ह्यूम ने 18 गेंदों पर नाबाद 27 रन और पायल जाखड़ ने 19 रन बनाए।

साउथ एशिया की ओर से अदिति अंगद लांडे ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सिया चुघ को एक विकेट मिला, जबकि सुहानी भरतकुमार कहंडल ने भी एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ एशिया की लड़कियों ने 139/3 का स्कोर बनाकर तीन रन की अहम बढ़त हासिल कर ली। सुहानी ने 44 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल था। सिया चुघ ने भी 34 गेंदों पर 29 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।

विराट कोहली के भांजे आयुष ढींगरा की घातक गेंदबाजी

तीन रन की बढ़त मिलने के बाद साउथ एशिया के लड़कों ने गेंदबाजी में कमाल कर दिया। टीम ने सब-सहारा अफ्रीका की बल्लेबाजी को टिकने का मौका नहीं दिया और पूरी टीम 14.2 ओवर में 87 रन पर सिमट गई।

विराट कोहली के भांजे आयुष ढींगरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन ने मुकाबले का रुख साउथ एशिया की तरफ मोड़ दिया।

आदित्य भट्ट ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हर्षित तिवारी और तनुष आप्टे ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए।

सब-सहारा अफ्रीका की ओर से जोसेफ हॉपकिंस ने 18 गेंदों पर 31 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

साईं गोपाल राठौड़ ने 24 गेंदों में जड़ दिए 54 रन

साउथ एशिया को खिताब जीतने के लिए 85 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम की ओर से साईं गोपाल राठौड़ ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 24 गेंदों पर नाबाद 54 रन ठोक दिए। उनकी पारी में सात चौके और चार छक्के शामिल रहे।

राठौड़ ने दूसरे विकेट के लिए शौर्य शैलेश जाधव के साथ 70 रनों की अहम साझेदारी की। शौर्य ने 13 रन बनाए, जबकि तनुष आप्टे ने चार गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

इस तरह साउथ एशिया ने महज 7.2 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पहले टेस्ट ट्वेंटी टूर्नामेंट का ऐतिहासिक समापन

इस जीत के साथ ही साउथ एशिया और सब-सहारा अफ्रीका के बीच खेली जा रही सीरीज का भी समापन हो गया। टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला ड्रॉ भी रहा था, जिसे टेस्ट ट्वेंटी के इतिहास का पहला ड्रॉ बताया गया।

पहले ही टूर्नामेंट में साउथ एशिया ने खिताब जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। फाइनल में सुहानी की बल्लेबाजी, साईं गोपाल राठौड़ की आक्रामक पारी और आयुष ढींगरा की शानदार गेंदबाजी टीम की जीत के सबसे बड़े आकर्षण रहे।

Related Articles

Back to top button