
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी FBI एजेंटों ने सोमवार को फ्लोरिडा स्थित उनके आवास पर छापेमारी की. अमेरिका के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब जांच के दायरे में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति आये हों और अमेरिकी प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा उनके घर पर छापेमारी की गई हो.
जानकारी के मुताबिक, FBI द्वारा ट्रम्प के रिसॉर्ट और घर की सघन तलाशी की जा रही है. ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने व्हाइट हाउस से अपने घर पर सरकारी फाइलें रखे हुए हैं. उन पर आरोप लगा है कि राष्ट्रपति आवास छोड़ते समय उन्होंने अमेरिकी न्याय विभाग के कुछ जरुरी दस्तावेज उठा लिए और अब यह संभावना जताई जा रही है कि उन सरकारी फाइलों को ट्रंप ने अपने आवास पर छिपा रखा है.
ट्रंप के खिलाफ यह जांच उनके ही कार्यकाल से चल रही है. ट्रंप का निजी व्यवसाय और उनकी संपत्ति की जांच जब वो राष्ट्रपति रहे तब से ही चल रही है. इस लिहाज से भी इस छापेमारी को देखा जा रहा है. इस बीच अमेरिकी समाचार संस्था न्यूयॉर्क टाइम्स ने जांच से परिचित दो अज्ञात लोगों का हवाला देते हुए बताया कि यह छापेमारी उन दस्तावेजों के बक्से से संबंधित थी जिसे ट्रंप ने व्हाइट हाउस छोड़ते समय और फ्लोरिडा क्लब में शिफ्ट होते समय अपने साथ उठा लाए थे.
इस छापेमारी को लेकर ट्रंप ने कहा कि उनकी संपत्ति “वर्तमान में अमेरिकी सरकार की घेराबंदी और कब्जे में है.” हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि छापेमारी क्यों की गई? उन्होंने अपने बयान में आगे जोड़ते हुए यह भी कहा कि FBI एजेंटों ने उनकी तिजोरी भी तोड़ दी है. इससे पहले ट्रंप ने एक बार इस जांच को साधारण और रूटीन प्रक्रिया बताया था.









