
देहरादून; सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली प्रवास के दौरान पीएम मोदी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध फल काफल भेंट किया था. पीएम मोदी ने इसके प्रत्युत्तर में मुख्यमंत्री धामी को पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया है. सीएम पुष्कर सिंह धामी को संबोधित पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा कि देवभूमि उत्तराखण्ड से भेजे गए रसीले और दिव्य मौसमी फल ‘काफल’ प्राप्त हुए.
hपीएम मोदी ने लिखा हमारी प्रकृति ने हमें एक से बढ़कर एक उपहार दिए हैं और उत्तराखण्ड तो इस मामले में बहुत धनी है. जहां औषधीय गुणों से युक्त कंद-मूल और फल-फूल प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. काफल ऐसा ही एक फल है जिसके औषधीय गुणों का उल्लेख प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथों में भी मिलता है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि काफल उत्तराखण्ड की संस्कृति में भी रचा बसा है. इसका उल्लेख विभिन्न रूपों में यहां के लोकगीतों में भी पाया जाता है. उत्तराखण्ड जाएं और वहां मिलने वाले विभिन्न प्रकार के पहाड़ी फलों का स्वाद ना लें, तो यात्रा अधूरी लगती है. गर्मियों के मौसम में पक कर तैयार होने वाले काफल राज्य में आने वाले पर्यटकों में भी खासे लोकप्रिय हैं.
पीएम ने पत्र में लिखा की बढ़ी हुई मांग के कारण मध्य हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाला यह फल स्थानीय लोगों को आर्थिक मजबूती भी प्रदान कर रहा है. मुझे खुशी है कि काफल के लिए उपयुक्त बाजार सुनिश्चित कर गुणों से भरपूर इस फल को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. बाबा केदार और भगवान बद्री विशाल से उत्तराखंड के लोगों के कल्याण और राज्य की समृद्धि की कामना करता हूँ.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के पत्र हेतु हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री जी के इन स्नेहपूर्ण शब्दों से हमारा तथा समस्त राज्यवासियों का उत्साहवर्धन हुआ है.









