
लखनऊ; चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट अमौसी के रनवे की मरम्मत के बाद रात की उड़ानें गुरुवार से शुरू हो गईं. बैंकॉक और दुबई की अन्तरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 13 उड़ानों में कुछ नई भी हैं. इनके अलावा मुम्बई, पटना, बेंगलुरु और दिल्ली के लिए भी रात में उड़ान की सुविधा हो गई है. मुम्बई की चार और दिल्ली के लिए तीन उड़ानें अब रात में आवाजाही करेंगी.
बड़ी संख्या में ऐसे यात्री हैं रात में ही गंतव्य पर पहुंचना चाहते हैं. इनमें छात्र और निजी संस्थानों में कार्य करने वाले पेशेवर ज्यादा हैं. वहीं, बहुत से पर्यटक भी रात में ही दूसरे शहर पहुंच जाना चाहते हैं ताकि अगला पूरा दिन उनके पास घूमने फिरने के लिए रहे. एयरपोर्ट का रनवे रात साढ़े नौ से सुबह छह बजे तक बंद होने की वजह से ऐसे सभी यात्रियों को परेशानी हो रही थी. 12 जुलाई से रनवे रात में खुल गया है.
ऐसे में विमानन कंपनियों ने अपने शेड्यूल में बदलाव कर रात की कुछ उड़ानें बहाल कीं तो कुछ नई शुरू कर दीं. इनमें इंडिगो की दिल्ली, मुम्बई, बेंगलुरु की उड़ानें शामिल हैं.









