
देहरादून. उत्तरकाशी के सिलक्वारा टनल में फंसे मजदूरों का रेस्क्यू ऑपरेशन तेज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। सीएम धामी अधिकारियों से पल पल का अपडेट ले रहे हैं। सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि सिलक्यारा टनल में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी की वजह से कुल 45 मीटर तक ड्रिलिंग पूरी कर ली गई है। जल्द ही सभी मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया जाएगा। सीएम ने कहा श्रमिक बंधुओं की कुशलता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा सिलक्यारा टनल में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी से कार्य किया जा रहा है, इस सम्बन्ध में निरंतर अधिकारियों से संपर्क में हूं। ऑगर मशीन से पुनः कार्य आरंभ करते हुए कुल 45 मीटर तक ड्रिलिंग पूरी कर ली गई है। केंद्र सरकार द्वारा प्राप्त उपकरणों के माध्यम से ऊर्ध्वाधर और क्षैतिज दोनों ड्रिलिंग विकल्पों पर कार्य किया जा रहा है। NDRF एवं SDRF की सहायता से अंदर फंसे श्रमिकों के साथ ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप तैयार कर लिया गया है, इसके उपरांत एक-एक कर के सभी की चिकित्सकों से बात करवाई जा रही है। श्रमिकों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मनोचिकित्सक से भी उनकी बात करवाई जा रही है। श्रमिक बंधुओं की कुशलता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर बड़ा अपडेट आया है। सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर अपडेट देते हुए प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे ने बताया कि ऑगर मशीन से पुनः ड्रिलिंग शुरू करते हुए कुल 39 मीटर से अतिरिक्त 6 मीटर, इस प्रकार कुल 45 मीटर तक ड्रिलिंग पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा आने वाला समय और अधिक महत्वपूर्ण है। अगले फेज को ड्रिलिंग शुरू कर ली गई है।
इस दौरान एम.डी (एनएचआईडीसीएल ) महमूद अहमद, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी मौजूद रहे।









