UP Weather Update: भीषण ठंड और कोहरे का कहर, अगले दो दिनों तक नहीं मलेगा राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार लखनऊ का न्यूनतम तापमान  8 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

Weather Update: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में सर्दी का सितम और कोहरे का कहर जारी है। अभी इससे राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी। ठंड के साथ घना कोहरा भी बढ़ेगा। विजिबिलिटी कम होने से आवागमन प्रभावित होगा।

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार प्रदेश में इन दिनों शीत लहर जारी है। इसके साथ ही घना कोहरा भी हो रहा है। बुधवार को लखनऊ में दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी बहुत राहत मिली लेकिन शाम आते-आते गलन ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। फिलहाल सर्दी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

यूपी के जिलों में ऐसा रहेगा मौसम

लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार लखनऊ का न्यूनतम तापमान  8 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। इसके अलावा बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और वाराणसी समेत बलिया चुर्क, बहराइच और प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, बस्ती, झांसी, उरई और हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस होगा।

इन जिलों में रहेगा न्यूनतम तापमान

उत्तर प्रदेश के बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर और इटावा जिले सबसे सर्द रहेंगे। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Related Articles

Back to top button