
उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2024-25 का बजट सदन में पेश कर दिया है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को विधानसभा में बजट प्रस्तुत किया। इससे पहले वित्त मंत्री सुरेश कुमार ने रविवार को बजट दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर उसे अंतिम रूप दिया था।
आपको बता दें कि योगी सरकार ने वर्ष 2024-25 का बजट सदन आज विधानसभा में पेश कर दिया है। इस बार 2024-25 के लिए 7.36 लाख करोड़ से ज्यादा का का बजट पेश किया गया है। वहीं साल 2023-24 में 6.9 लाख करोड़ का बजट पेश किया गया था और साल 2022-23 में 5.85 लाख करोड़ का बजट पेश किया गया था।

बजट से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट की बैठक की। इस बैठक में बजट के प्रस्ताव पर यूपी कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दी। इस बजट से किसानों, युवाओं और महिलाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है। लखपति दीदी योजना के यूपी में विस्तार पर ही ध्यान दिया गया है। योगी सरकरा ने ईको टूरिज्म, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर भी फोकस किया है।

बजट पेश होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के बजट 2024-25 के सदन में प्रस्तुत होने के पूर्व प्रदेश के माननीय वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से भेंट हुई। आज सदन में उनके द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला ‘पेपरलेस’ बजट नए उत्तर प्रदेश में ‘रामराज्य’ की आधारशिला बनेगा।









