
समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने श्रीराम के अस्तित्व पर उठाए सवाल खड़ा कर दिया। बोले-क्या भगवान राम निर्जीव हो गए थे? रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की जरूरत क्यों पड़ी। सवर्ण हिंदू OBC, SC और ST का आरक्षण खा रहा।
स्वामी ने क्या कहा?
स्वामी ने कहा, “इसमें कोई दो राय नहीं कि भगवान राम हजारों सालों से पूजे जा रहे हैं। लेकिन भाजपा के लोग ऐसा संदेश देना चाहते हैं कि भगवान राम को हमने पैदा किया है। भगवान राम को हम लाए हैं। क्या आप प्राण-प्रतिष्ठा करके ये साबित करना चाहते हैं कि भगवान राम निष्प्राण हो चुके हैं? ये मजाक नहीं तो क्या है? अरबों-खरबों रुपया खर्च करके सरकार आज देश की जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। हजारो-करोड़ों रुपया पानी की तरह बहाकर वे (भाजपा) क्या साबित करना चाहते हैं?”
ओपी राजभर की प्रतिक्रिया
स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) प्रमुख ओ.पी. राजभर ने कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि स्वामी प्रसाद मौर्य, अखिलेश यादव के इशारे पर बोल रहे हैं। वे (स्वामी प्रसाद मौर्य) जब 5 साल भाजपा में थे तब उन्हें यह याद नहीं आया? तब तो वे मंत्री बनकर मलाई खा रहे थे।”
सबक सिखाएगी जनता-डीसीएम ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भगवान राम स्वामी प्रसाद मौर्य को कभी माफ नहीं करेंगे। समय आने पर जनता ही सबक सिखा देगी।









