गिनी की राजधानी में बड़ा हादसा, कचरे का पहाड़ ढहने से 30 लोगों की मौत, कई झोपड़ियां मलबे में दबी

अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के कारण शहर के सबसे बड़े लैंडफिल में जमा कचरे का पहाड़ ...

अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के कारण शहर के सबसे बड़े लैंडफिल में जमा कचरे का पहाड़ अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

बारिश के कारण हुआ भूस्खलन, मलबे में दबे लोग

गिनी सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी कोनाक्री के दार-ए-सलाम इलाके में स्थित लैंडफिल में रात करीब 2 बजे भारी बारिश के बाद कचरे का ढेर धंस गया। कचरे के पहाड़ के गिरने से भूस्खलन जैसी स्थिति बन गई और आसपास बनी कई झोपड़ियां मलबे के नीचे दब गईं। राहत दल मौके पर पहुंचकर फंसे हुए लोगों की तलाश में जुट गए।

छह लोग गंभीर घायल, कई घर हुए नष्ट

अधिकारियों के अनुसार, हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बाइलो ने बताया कि शहर के इस बड़े खुले कचरा डंप को रविवार को बंद करने का फैसला लिया गया था।

पहले ही दी गई थी इलाका खाली करने की चेतावनी

प्रशासन के मुताबिक, लैंडफिल के आसपास रहने वाले लोगों को पहले ही इलाका खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसके बाद कई परिवार वहां से दूसरी जगह चले गए थे, लेकिन हादसे के वक्त भी कुछ लोग उस क्षेत्र में मौजूद थे। टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन और डिसेंट्रलाइजेशन मंत्री डिएनाबू टौरे ने कहा कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की व्यवस्था की जाएगी।

Related Articles

Back to top button