हरदोई में हरियाली बढ़ाने का संकल्प, जिला पूर्ति विभाग ने चलाया बड़ा पौधरोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया

हरदोई : जनपद में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ वर्ष 2026 का आयोजन किया गया। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार और उनकी पूरी टीम ने पूरे मनोयोग के साथ भागीदारी की। जिला पूर्ति विभाग ने जनपद के उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

बड़ी संख्या में छायादार और फलदार वृक्ष लगाए गए

अभियान के तहत जिलेभर में उचित दर विक्रेताओं की दुकानों और अन्नपूर्णा भवनों के सामने वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में छायादार और फलदार वृक्ष लगाए गए। पौधरोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रह सकें और भविष्य में पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया

विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और विक्रेताओं ने अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। लोगों से अपील की गई कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। वृक्षारोपण महायज्ञ के माध्यम से हरदोई जिले में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button