सहारनपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर , मासूम समेत चार लोगों की मौत

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। कोठड़ी-धौलाकुआं रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी लविश शुक्रवार को अपने परिजनों के साथ अपनी ससुराल गया था। शनिवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ गांव लौट रहा था। इसी दौरान कोठड़ी और धौलाकुआं के बीच पीछे से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में 28 साल के लविश बेटे जयपाल, उनकी 5 साल की बेटी रूही, 24 साल की संजना बेटी जयपाल और 50 साल की राजदुलारी पत्नी जयपाल की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि परिवार को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

परिवार में मचा कोहराम

बताया जाता है कि लविश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी साल 2022 में हुई थी। उसका एक बेटा और एक बेटी है। हादसे में बेटी रूही की भी मौत हो गई, जबकि बेटे ने अब अपने परिवार के कई सदस्यों को खो दिया है। एक साथ चार मौतों से गांव मलकपुर में शोक की लहर गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।

Related Articles

Back to top button