
भुवनेश्वर, ओडिशा में एक ऐतिहासिक MoU साइनिंग के दौरान अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अबू धाबी स्थित इंटरनेशनल रिसोर्सेज होल्डिंग (IRH) ने राज्य सरकार के साथ मिलकर एक विशाल ग्रीनफील्ड अल्युमिनियम प्रोजेक्ट पर सहमति जताई।
यह संयुक्त उद्यम 50:50 साझेदारी के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें अदाणी ग्रुप और IHC समूह की कंपनी ePointZero शामिल हैं। इस परियोजना का कुल निवेश लगभग ₹1.08 लाख करोड़ (लगभग 11.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर) बताया गया है।
यह प्रोजेक्ट ओडिशा के लिए अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश प्रस्ताव माना जा रहा है, जो राज्य को एल्युमिनियम और मेटल इंडस्ट्री का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
परियोजना के तहत 4 मिलियन टन प्रति वर्ष क्षमता वाली अल्युमिना रिफाइनरी, 2 मिलियन टन प्रति वर्ष का एल्युमिनियम स्मेल्टर, डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क और लगभग 4,000 मेगावाट की कैप्टिव पावर प्लांट स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही 400 मेगावाट ग्रीन एनर्जी क्षमता भी जोड़ी जाएगी।
रोजगार के मोर्चे पर यह प्रोजेक्ट बड़ा प्रभाव डालेगा। निर्माण चरण में लगभग 35,000 लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि संचालन चरण में करीब 18,500 स्थायी नौकरियां सृजित होंगी। कुल मिलाकर यह परियोजना 53,500 से अधिक रोजगार अवसर पैदा कर सकती है।
कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और निवेशक मौजूद रहे।
अदाणी ग्रुप और IHC ने बताया कि यह परियोजना केवल एक औद्योगिक निवेश नहीं है, बल्कि खनन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है।
सरकार ने इस निवेश को राज्य के औद्योगिक भविष्य के लिए गेमचेंजर बताया है, जिससे ओडिशा को “मैन्युफैक्चरिंग हब” के रूप में नई पहचान मिल सकती है।









