विदेशों के बाद अब घरेलू निवेशकों को साधने में जुटे सीएम योगी, अधिकारियों के साथ मुंबई में करेंगे रोड शो

विदेशी दौरों के बाद अब घरेलू निवेशकों को साधने उत्तर प्रदेश के मंत्रियों का समूह देश के 07 बड़े शहरों में रोड शो करने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मुंबई में बड़े उद्योग समूहों से भेंट कर उन्हें यूपी में निवेश का आमंत्रण देंगे

दुनिया के 16 देशों से 07 लाख 12 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश जुटाने के बाद अब टीम योगी का फोकस घरेलू निवेशकों की ओर है। विदेशी दौरों के बाद अब घरेलू निवेशकों को साधने उत्तर प्रदेश के मंत्रियों का समूह देश के 07 बड़े शहरों में रोड शो करने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मुंबई में बड़े उद्योग समूहों से भेंट कर उन्हें यूपी में निवेश का आमंत्रण देंगे जबकि अन्य 6 शहरों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर घरेलू रोड शो के लिए नई टीम गठित की गई है, जिसमें कैबिनेट मंत्रियों के अलावा स्वतंत्र प्रभार (राज्य मंत्री) और राज्य मंत्री गण शामिल किए गए हैं। मंत्रियों के सहयोग के लिए वरिष्ठ अधिकारियों का दल इन दौरों पर साथ होगा। 05 जनवरी को मुंबई रोड शो में मुख्यमंत्री योगी भाग लेंगे। यहां टाटा समूह, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिन्द्रा, गोदरेज, आदित्य बिरला समूह, बॉम्बे डाइंग, ब्रिटानिया, जेएसडब्ल्यू ग्रुप और एशियन पेंट्स समूह के अलावा बैंकिग सेक्टर और फिल्म जगत की हस्तियों से मुख्यमंत्री की भेंट संभावित है।

यूपी में 10 से 12 फरवरी तक होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में घरेलू निवेशकों को साधने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 2 बजे मुंबई के लिए रवाना होंगे। मुंबई में सीएम योगी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्योगपतियों को आमंत्रित करेंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 10 लाख करोड़ के बढ़ाकर 17 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य रखा गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मिलेंगे, सीएम एकनाथ शिंदे से भी मुलाकात करेंगे, देवेंद्र फडणवीस से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे, मुंबई में रह रहे उत्तर प्रदेश मूल के उद्यमियों से मिलेंगे, शाम को कुलाबा स्थित होटल ताजमहल में मुलाकात होगी। सिनेमा जगत के कुछ प्रमुख लोगों से भी मिलेंगे सीएम, यूपी में बन रहे फिल्म सिटी की प्रगति से अवगत कराएंगे। कई प्रमुख अधिकारियों के साथ रोड शो करने जाएंगे योगी, मंत्री रवींद्र जायसवाल,मंत्री नंदगोपाल नंदी भी रहेंगे मौजूद।

Related Articles

Back to top button