प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों को लेकर अखिलेश ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- सड़कें गड्ढामुक्त होने की बजाए खुद गड्ढा बन गईं !

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में बरसात शुरू होते ही जलभराव और सड़क धंसने की खबरें आनी शुरू हो गई हैं. भाजपा की नाकारा सरकार पूर्वानुमान कर जनता को तकलीफों से बचाने में कोई रुचि नहीं लेती है.

लखनऊ; सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में बरसात शुरू होते ही जलभराव और सड़क धंसने की खबरें आनी शुरू हो गई हैं. भाजपा की नाकारा सरकार पूर्वानुमान कर जनता को तकलीफों से बचाने में कोई रुचि नहीं लेती है. इसके फलस्वरूप दुर्घटनाओं में मौतें हो रही हैं. भाजपा सरकार को सत्ता में आए सवा छह साल हो गए हैं. लेकिन सिर्फ बयानबाजी और विकास के झूठे दावे किए जा रहे हैं.

सपा प्रमुख ने कहा कि सड़कें गड्ढामुक्त होने की जगह खुद गड्ढा बन गईं हैं. जलभराव से शहरों के गली मुहल्ले तालाब बन गए हैं. वर्षा के पहले दौर में ही भाजपा के सड़के गड्ढ़ा मुक्त होने के दावे का सच जगजाहिर हो गया है. राजधानी लखनऊ में बलरामपुर अस्पताल के पास, जहां दिन भर एम्बूलेंस और मरीजों-तीमारदारों की भीड़ रहती है, वहां सड़क धंसने की चर्चा पूरे प्रदेश में है.

अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर जाजमऊ गंगापुल के बाद लखनऊ तक पहुंचने में हजारों गड्ढ़े बीच में हैं. इसे खूनी राजमार्ग भी कहा जाने लगा है. यहां 93 लोगों की जाने जा चुकी हैं. झांसी हाई-वे पर बाराजोड़ से उरई तक 70 किलोमीटर राजमार्ग पर चलना चुनौती से कम नहीं, सड़क कई जगह से टूटी है. इस रास्ते पर 14 महीने में 33 लोगों की मौतें हो चुकी है.

सपा प्रमुख ने कहा कि छोटी काशी की सड़कों पर गड्ढ़ों की भरमार है. यहां सावन में भोले शंकर का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों की टोलियां आती हैं. लखीमपुर मार्ग पर ओवर ब्रिज के निकट एक किलोमीटर सड़क बहुत खराब है. नुकीले पत्थरों से शिवभक्तों के घायल होने का खतरा है. सीतापुर में सूर्य कुण्ड, भैरव नाथ मंदिर में सावन में भारी भीड़ आती है. यहां भी सड़कें कम गड्ढ़े ज्यादा हैं.

अखिलेश ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की हालत भी खराब है. समाजवादी सरकार में बने विकास की पहचान और उत्तर प्रदेश की शान इस शानदार सड़क के किनारे की लाइटें खराब है, टोल प्लाजा के पास गंदगी है. भाजपाराज में तो विश्वस्तर की ऐसी कोई सड़क बनी नहीं. समाजवादी सरकार में जो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बना था, भाजपा सरकार उसके रखरखाव में भी लापरवाही कर रही है.

बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में झूठ का ही सारा कारोबार चल रहा है. जनता इससे बुरी तरह ऊबी हुई है. वह भाजपा को 2024 में शिकस्त देकर भाजपाई अहंकार और भ्रष्टाचार की राजनीति से मुक्ति पा लेगी.

Related Articles

Back to top button