
देश के कई समुद्री इलाकों में इन दिनों चक्रवात असानी का असर देखने को मिल रहा है। इस बीच चक्रवात असानी के बीच समुद्र से अचानक निकले ‘सोने का रथ’ देखकर सभी हैरान रह गए। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के सुन्नापल्ली सी हार्बर में मंगलवार को चक्रवाती तूफान आसनी के प्रभाव के बीच एक रहस्यमयी सोने के रंग का रथ देखा गया।
अब समुद्र से रथ निकलने का एक विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल विडियो में देखा जा सकता है कि समुद्र किनारे पर मौजूद लोग रथ को पानी से खींचकर किनारे पर लाते देखे जा सकते हैं। नौपाड़ा (श्रीकाकुलम जिले) के सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की सूचना खुफिया विभाग को दे दी गई है। एसआई ने कहा, “हो सकता है कि यह किसी दूसरे देश से आया हो। हमने इंटेलिजेंस और उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है।”
बता दें कि भीषण चक्रवात ‘असानी’ बुधवार को एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होते हुए उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ गया और राज्य के नरसापुर में 34 किलोमीटर भीतर तक इसका असर दिखाई दिया। इस दौरान क्षेत्र में 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, चक्रवात के तट से दूर जाने और बृहस्पतिवार तक इसके कमजोर पड़ने की संभावना है।









