बांदा: दो भाइयों की मौत मामले में पूर्व मंत्री के बेटे समेत 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज,पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ सनसनीखेज खुलासा

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब बच्चों के शव पानी से भरे गड्ढे में मिलने के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर खुलासे हुए। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों बच्चों के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं और उनके पेट में पानी तक नहीं मिला है, जिससे डूबने से मौत की आशंका पर सवाल खड़े हो गए हैं और इसे हत्या की ओर इशारा माना जा रहा है।

पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री दिवंगत सुरेंद्र पाल वर्मा के बेटे महेंद्र पाल वर्मा समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। आपको बता दें कि आरोपी महेंद्र पाल वर्मा पहले भी एक डबल मर्डर मामले में आरोपी रह चुका है। बच्चों के पिता का आरोप है कि प्रधानी की रंजिश के चलते उनके 4 और 6 वर्ष के मासूम बेटों की निर्मम हत्या कर शवों को पानी के गड्ढे में फेंका गया था। घटना 30 सितंबर की है, जब दोनों बच्चों के शव बरामद हुए थे।

इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 4 से 5 संदिग्‍ध लोगों को हिरासत में भी ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है, और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button