
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में स्वास्थ्य और बाल विकास को लेकर एक बहुत बड़े अभियान की शुरुआत की है। सीएम योगी ने गोरखपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ‘सुपोषण मिशन के दूसरे चरण’ और ‘बाल वाटिका कार्यक्रम’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश ने सफलतापूर्वक 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है, जिसने भारत को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान दी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों और प्रसूता माताओं के स्वास्थ्य को राष्ट्र की नींव बताया। उन्होंने कहा, “अगर मां सुरक्षित है तो बच्चा भी सुरक्षित रहेगा, और अगर हमारा बचपन सुरक्षित है तो देश का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। बच्चा सिर्फ एक परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का भविष्य होता है।” सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार साल 2022 से लगातार ‘टेक होम राशन’ की प्रभावी प्रणाली चला रही है, जिसके तहत प्रसूताओं को अनुपूरक पोषण दिया जा रहा है। आज से शुरू हुआ सुपोषण मिशन का दूसरा चरण प्रदेश से कुपोषण की समस्या को पूरी तरह से समाप्त करने में मील का पत्थर साबित होगा।
2017 से पहले और आज के उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साल 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और गोरखपुर की कानून-व्यवस्था तथा बदहाली को याद करते हुए पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “2017 से पहले गोरखपुर का हाल बेहाल था। व्यापारियों, बेटियों और आम लोगों में डर का माहौल रहता था और लोग गोरखपुर के नाम से ही डरते थे। बारिश के दिनों में जलजमाव और जानलेवा बीमारियों का खतरा मंडराता था। किसान, नौजवान और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी थी।”
सीएम योगी ने आज के बदलते गोरखपुर की तस्वीर पेश करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण आज गोरखपुर में नौजवानों के पास नौकरियां हैं और बेटियों के लिए उत्तम शिक्षा की व्यवस्था है, जिससे देश-प्रदेश में गोरखपुर का मान-सम्मान वापस लौटा है। उन्होंने गर्व से कहा, “अब उत्तर प्रदेश को लोग शक की निगाह से नहीं देखते हैं। आज यूपी का नागरिक देश-दुनिया में जहां कहीं भी जाता है, सामने वाला व्यक्ति ‘जय श्रीराम’ के नारे के साथ उसका आदर और अभिवादन करता है। यह यूपी की बदलती हुई मजबूत छवि का प्रमाण है।”









