
उत्तर प्रदेश की विधानसभा इस बार एक नई पहल करने जा रही है। विधानसभा में इसी साल से सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड शुरू होगा। सर्वश्रेष्ठ विधायक अवार्ड शुरू करने की परंपरा पर पहले से विचार चल रहा था। अब सालभर विधायकों की गतिविधियों का आकलन करके एक या दो विधायकों को अवार्ड के लिए चुना जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रेस कॉन्फेंस के माध्यम से बताया कि अधिकारी सम्मेलन में यह तय हुआ है कि विधानसभा में ‘बेस्ट एमएलए’ का अवार्ड दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ विधायक के चयन के लिए एक कमेटी बनेगी। इस कमेटी का गठन जल्द ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना करेंगे। यह कमेटी सालभार विधायकों की गतिविधियों का आकलन करेगी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि दिसंबर तक जो सत्र आयोजित किए जाएंगे उन सभी सत्रों में जितने भी उत्तर प्रदेश में बेस्ट एमएलए होंगे उनको अवार्ड दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा में सदस्यों की संख्या देश की अन्य सभी विधानसभा में सदस्यों की संख्या की अपेक्षा काफी ज्यादा है। ऐसे में अब बेस्ट विधायक की दौड़ में विधायकों को अपनी क्षमता साबित करने का एक और मौका मिलेगा।