BJP शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचेंगे अयोध्या, स्वागत के लिए तैयार है रामनगरी, जानिए क्या हैं तैयारियां?

भाजपा शासित राज्यों के 12 मुख्यमंत्री और 3 उपमुख्यमंत्री अयोध्या पहुचेगें। विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह के मौके पर तमाम भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री वाराणसी पहुँचे जहां से सभी मुख्यमंत्री अयोध्या पहुंचकर राममंदिर निर्माण होते देखेंगे और हनुमान गढ़ी व रामलला का दर्शन-पूजन भी करेंगे। सभी मुख्यमंत्रियों के स्वागत को लेकर रामनगरी अयोध्या को पूरी तरह तैयार कर दिया गया है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे का मंगलवार को दूसरा दिन था। दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने BJP शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। जिसमें पीएम मोदी के सामने सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों में कराये गए विकास कार्यों से सम्बंधित एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की। पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ यह बैठक मंगलवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुई और काफी लम्बी चली। मुख्यमंत्री-महासम्मेलन नामक इस कार्यक्रम में भाजपा संगठन के काशी महानगर के सभी पदाधिकारी भी शामिल रहे।

बता दें कि भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बुधवार को अयोध्या पहुंचेंगे। यहां वो हनुमानगढ़ी और राम लला का दर्शन करने के साथ-साथ राम मंदिर निर्माण का जायजा भी लेंगे। जानकारी के अनुसार 15 दिसंबर को सुबह लगभग 11:00 बजे भाजपा शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री अयोध्या पहुंचेंगे और हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन करेगें। जिसके बाद एक निजी होटल में जलपान करेगें और फिर दोपहर में 2:00 बजे के आसपास रामलला के दर्शन करेगें और राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्रियों के स्वागत के लिए अयोध्या के संबंधित अधिकारियों को जनसंपर्क अधिकारी बनाया गया है तो वहीं दूसरी तरफ अयोध्या के जनप्रतिनिधि और साधु संत सभी उनके स्वागत को तैयार नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button