गुरूवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, आज #फर्कसाफहै, 2014 से पहले देश के अंदर वातावरण क्या था और 2014 के बाद इसमें कितना परिवर्तन हुआ है, यह किसी से छिपा हुआ नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी बोले, उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारें प्रदेश में दंगाइयों को प्रश्रय देती थीं, अराजकता को बढ़ावा देती थीं, प्रदेश को परिवारवाद की जागीर मानकर उत्तर प्रदेश को अराजकता की आग में झोंकने का काम कर रही थीं। पिछली सरकार में गरीब को आवास का पैसा नहीं मिलता था। इसका पैसा कहां जाता था, सब जानते हैं। भाजपा सरकार आने के बाद साढ़े चार वर्ष में 43 लाख गरीबों को आवास दिया गया।
सीएम ने कहा, सरकार तो वही है, चेहरे बदले हैं। 2017 से पहले गरीब का पैसा कहां जाता था? उस समय की सरकार में जो बैठे हुए थे, गरीब का पैसा हड़प जाते थे। भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा वो कर के दिखाया है। वो चाहे गरीब कल्याणकारी योजनाएं हों, हाइवे हों या स्वास्थ्य की सुविधाओं का हों, जनता तक पहुंचाया। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जो कहा था, वो भी किया।