शादी में दहेज ले जाने और दुल्हन विदाई को लेकर हुआ विवाद, मारपीट में करीब आधा दर्जन बाराती हुए घायल

यूपी के अलीगढ़ जिले के थाना विजयगढ़ इलाके के गांव नगला तुला सिथरोली में शादी समारोह केे बाद दुल्हन विदाई और दहेज का सामान ले जाने को लेकर दोनोंं ही पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घायलों केे मुताबिक दुल्हन पक्ष ने बावर्ची के औजारों से बारातियों को जमकर पीटा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को इलाके में जितेंद्र और रोशनी का शादी समारोह कार्यक्रम था। शादी समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। अगले दिन शनिवार को यानी कि आज विदाई की रस्म अदाई होनी थी। जिसमें शादी समारोह में मिला दान दहेज भी साथ लेकर जाना था। दूल्हा पक्ष के बताए अनुसार विजयगढ़ कस्बा जिला हाथरस के करीब पड़ता है।

तीसरे फेज का रविवार को चुनाव है। जिसके चलते दान दहेज भरकर ले जाने के लिए वाहन नहीं मिला। इसी के चलते लड़की पक्ष से गुजारिश की गई कि हम फिलहाल दुल्हन की विदाई करके ले जा रहे हैं, दान दहेज बाद में ले जाएंगे। इसी बात को लेकर दुल्हन पक्ष ने यह कहते हुए विदाई से मना कर दिया कि दुल्हन की विदाई दहेज के साथ ही होगी।

इसी बात को लेकर लड़की और लड़का पक्ष के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। दूल्हा पक्ष का दुल्हन पक्ष पर आरोप है कि उन्होंने हलवाई के औजारों से बारातियों को पीटा है। इस घटना में दूल्हे के परिवार से करीब 5 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर इलाका पुलिस पहुंची और घायलों को उपचार हेतु मलखान सिंह जिला अस्पताल भेज दिया। जहां सभी का उपचार जारी है। वहीं, दूल्हा पक्ष का कहना है कि वह आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर तहरीर के आधार पर कार्यवाही की बात कह रही है।

Related Articles

Back to top button