
वाराणसी: उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी वाराणसी में साइबर पुलिस ने एक बड़े और हाई-टेक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य सरगना समेत 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी कंपनियां बनाकर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और फिर इन खातों की डिटेल्स दूर बैठे अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय साइबर अपराधियों को मोटी रकम के बदले सौंप देता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा संचालित किए जा रहे 41 संदिग्ध बैंक खातों से करीब 116 करोड़ रुपये का बड़ा लेनदेन (ट्रांजेक्शन) किया गया है। इतना ही नहीं, नेशनल साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इन खातों के खिलाफ देशभर से अब तक 143 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक बिहार के सासाराम का रहने वाला है, जबकि 3 आरोपी वाराणसी के ही निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई लग्जरी गाड़ियां, फर्जी कंपनियों के दस्तावेज, चेकबुक, पासबुक और डिजिटल डिवाइस बरामद किए हैं। पुलिस टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि इन खातों से निकला पैसा किन-किन मुख्य नेटवर्क तक पहुंचा है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।









