
लखनऊ; अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की आज जयंती है. लेकिन, उनके जयंती पर दोनों बेटियों के बीच राजनैतिक वर्चस्व की लड़ाई जारी है. बेटी व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पिता सोनेलाल पटेल की जयंती ‘जन स्वाभिमान दिवस’ के रूप में मना रहीं हैं. वहीं, दूसरी बेटी पल्लवी पटेल लोहिया सभागार में कार्यक्रम का आयोजन करेंगी.
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के संयोजन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यानाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शामिल होंगे. लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सोनेलाल पटेल की जयंती पर यह कार्यक्रम आज 2 जुलाई को 1.30 बजे आयोजित होगा.
वहीं, अपना दल (K) अध्यक्ष कृष्णा पटेल व सपा विधायक पल्लवी पटेल भी सोनेलाल पटेल की जयंती पर लोहिया सभागार में आज दोपहर 2 बजे कार्यक्रम आयोजित करेंगी. इस कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे.
अपना दल (K) के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन कमेरा चेतना फाउंडेशन की तरफ किया जाएगा. कार्यक्रम में ‘जातिवार जनगणना की जरूरत’ विषय पर परिचर्चा भी होनी है.









