
देहरादून। हर्रावाला इलाके में नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि की आत्महत्या के मामले में पुलिस के हाथ एक ऐसा वीडियो लगा है, जो पूरी जांच की दिशा तय कर सकता है। यह करीब 90 सेकेंड का वीडियो सृष्टि ने खुदकुशी से ठीक पहले अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था, जिसमें उनकी मानसिक पीड़ा साफ झलक रही है।
वीडियो में क्या है?
पुलिस के मुताबिक, वीडियो के शुरुआती करीब 35 सेकेंड तक सृष्टि कुछ भी नहीं बोल पातीं। वह लगातार रोती रहती हैं और बार-बार अपने चेहरे से आंसू पोंछती नजर आती हैं। इसके बाद वह खुद को संभालते हुए अपनी मां को संबोधित करती हैं और भर्राए गले से कहती हैं—’सॉरी मम्मी, अब सहा नहीं जाता।’
छह महीने से झेल रही थीं मानसिक यातना
वीडियो में सृष्टि बताती हैं कि वह पिछले करीब छह महीने से लगातार मानसिक तौर पर प्रताड़ित की जा रही थीं और अब उनके अंदर इसे बर्दाश्त करने की ताकत नहीं बची है। उनका कहना है कि शादी के बाद जो भी घटनाएं हुईं, उन सबके लिए ससुराल वाले उन्हें ही जिम्मेदार ठहराते थे। उन्हें बार-बार ‘मनहूस’ और ‘बदनसीब’ जैसे शब्द कहकर मानसिक रूप से तोड़ा जाता था। वीडियो के आखिर में वह कहती हैं कि उनकी सोच कभी नहीं बदल सकती।
पुलिस ने कहा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वीडियो जांच का बेहद अहम साक्ष्य है और इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि बाकी सबूतों, गवाहों और पूरी जांच के आधार पर ही की जाएगी। इसके बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।









