मिर्जापुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

मिर्जापुर : मंगलवार सुबह में उस समय हंगामा मच गया जब गाय तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम की बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस और गाय तस्करों के बीच काफी देर तक मुठभेड़ चली, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने पकड़ लिया। यह कार्रवाई विंध्याचल थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मवेशियों से भरी एक पिकअप गाड़ी तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हो गई और संदिग्ध गाड़ी की तलाश शुरू कर दी।

एनकाउंटर में गौ तस्कर घायल

पुलिस के मुताबिक, पिकअप गाड़ी दिखने पर उसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन ड्राइवर गाड़ी लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पिकअप गाड़ी का पीछा किया। इसी बीच भाग रहे आरोपी लालगंज रोड पर दादर पहाड़ी की तरफ पहुंच गए, जहां पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान रोहित यादव के तौर पर हुई है, जबकि उसके साथ पकड़े गए दूसरे आरोपियों की पहचान अशोक यादव और राजीव तिवारी के तौर पर हुई है। इनमें घायल आरोपी मिर्जापुर का रहने वाला है, जबकि दो अन्य चंदौली जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने 5 गायें बरामद कीं

वही एनकाउंटर के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, तस्करी में इस्तेमाल होने वाली पिकअप गाड़ी और पांच गायें बरामद की हैं। सभी मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कई सारे बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों की तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इलाज के लिए घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button