मेटा ऑफिस में प्रदर्शन पर BJP का कांग्रेस पर हमला, प्रदीप भंडारी बोले- ‘गुंडों की पार्टी है कांग्रेस’

नई दिल्ली: मेटा के कार्यालयों पर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस को ‘गुंडों की पार्टी’ बताते हुए कहा कि निजी कंपनियों के कार्यालयों में तोड़फोड़ करना कांग्रेस का मॉडल बन गया है।

प्रदीप भंडारी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मेटा के कार्यालय को नुकसान पहुंचाया और इस घटना को सोशल मीडिया पर दिखाकर अपनी कार्रवाई का प्रदर्शन किया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस निजी कंपनियों के खिलाफ तोड़फोड़ को बढ़ावा दे रही है।

भंडारी ने अपने बयान में वर्ल्ड AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिना कपड़ों के कार्यक्रम में प्रवेश कर देश का अपमान किया था। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान भारत की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा।

यूथ कांग्रेस का दावा- 15 मिनट में बहाल हुए इंस्टाग्राम अकाउंट

वहीं, यूथ कांग्रेस ने दावा किया कि मेटा ने 19 नवंबर को बीजेपी के निर्देश पर उसके प्रभारी और अध्यक्ष के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रोक लगाई थी। संगठन के मुताबिक, 20 नवंबर को उसके कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा कार्यालयों का दौरा किया। इसके महज 15 मिनट बाद दोनों अकाउंट बहाल कर दिए गए।

यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि आखिर अकाउंट पर प्रतिबंध किसके आदेश पर लगाया गया था और उन्हें बहाल करने के पीछे क्या वजह रही।

मेटा को 7 दिन का अल्टीमेटम

यूथ कांग्रेस ने मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी सभी पाबंदियां हटाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो इस मुद्दे को आगे उठाया जाएगा।

फिलहाल मेटा के कार्यालयों पर प्रदर्शन और सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर बीजेपी और यूथ कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Related Articles

Back to top button