
पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और राहत आयुक्त कार्यालय पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं। नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने राज्य स्तरीय आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है।
बता दें, उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने नेपाल में फंसे नागरिकों के परिजनों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी या लोकेशन शेयरिंग के लिए तत्काल टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क करें। इस कंट्रोल रूम के जरिए मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर विदेश मंत्रालय और स्थानीय राहत एजेंसियों के समन्वय से नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
राज्य सरकार ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे एक्टिव रखने के निर्देश दिए हैं, जहां आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। परिजनों से आग्रह किया गया है कि यदि उनका कोई सदस्य नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसा हुआ है, तो बिना देर किए उनकी जानकारी अधिकारियों को उपलब्ध कराएं ताकि समय रहते आवश्यक मदद पहुंचाई जा सके।









