
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के नरोईया गांव से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और आत्मघाती वारदात सामने आई है। यहाँ महज बाइक से पेट्रोल मांगने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मौत के तांडव में बदल गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए छोटे भाई ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हरदोई
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) May 23, 2026
➡बाइक विवाद बना मौत की वजह
➡बड़े भाई ने छोटे भाई से पेट्रोल मांगा
➡छोटे भाई से बाइक के लिए पेट्रोल मांगा
➡छोटे भाई ने पेट्रोल देने से किया इंकार
➡नाराज बड़े भाई ने बाइक में लगाई आग
➡दुकान से पेट्रोल उठाकर बाइक में लगाई आग
➡छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर मारी बाल्टी… pic.twitter.com/bX3CDsBDVp
पेट्रोल देने से मना करने पर भड़का बड़ा भाई
जानकारी के मुताबिक, नरोईया गांव के रहने वाले दोनों सगे भाई मिलकर गांव में ही एक परचून (किराना) की दुकान चलाते थे। घटना के दिन बड़े भाई ने अपनी बाइक में डालने के लिए छोटे भाई से पेट्रोल मांगा था। छोटे भाई ने जब पेट्रोल देने से साफ इनकार कर दिया, तो बड़ा भाई आगबबूला हो गया। उसने गुस्से में आकर दुकान में रखा पेट्रोल उठाया और छोटे भाई की बाइक पर छिड़ककर उसमें आग लगा दी।
सिर पर बाल्टी से वार और आत्मघाती कदम
अपनी बाइक को जलता देख छोटा भाई भी आपा खो बैठा। उसने आव देखा न ताव, पास ही पड़ी एक भारी बाल्टी उठाकर बड़े भाई के सिर पर दे मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी जब विवाद शांत नहीं हुआ, तो तैश में आए छोटे भाई ने दुकान से और पेट्रोल निकाला, उसे खुद के ऊपर उड़ेल लिया और माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों से बुरी तरह झुलसने के कारण छोटे भाई ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में सन्नाटा पसरा है।









